घनसाली में गदेरे में बहे बालक का शव बरामद
नई टिहरी, 16 सितंबर (हि.स.)। भिलंगना ब्लॉक के ग्राम दोणी के निकट बीती मंगलवार शाम को खेलते समय गदेरे के तेज बहाव में बहे सात वर्षीय बालक का शव बुधवार सुबह को नदी से बरामद कर लिया गया है। घटना से परिवार और गांव में मातम छाया है।
थाना घनसाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम रातभर खोज एवं बचाव अभियान में जुटी रही। जानकारी के अनुसार ग्राम दोणी निवासी आरव (7) पुत्र अरविंद मंगलवार देर शाम तक गांव के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह गदेरे के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। बालक के गदेरे में बहने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद थाना घनसाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गदेरे व नदी क्षेत्र में खोज अभियान चलाया। कोतवाली निरीक्षक अजय कुमार जाटव ने बताया कि रातभर तलाश के बाद बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर नदी से बालक का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

