खोखा धारकों ने की पक्की दुकानें और क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
खोखा धारकों ने की पक्की दुकानें और क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग


नई टिहरी, 07 अगस्त (हि.स.)। जिला मुख्यालय के आईएसबीटी बौराड़ी में पुनर्वास विभाग की ओर से आवंटित खोखे तोड़े जाने का संबंधित व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर ध्वस्त खोखों के जगह नई दुकानें और क्षतिपूर्ति की मांग की है।

बता दें कि बौराड़ी बस अड्डा में इन दिनों एशियन डेवलपमेंट बैंक के वित्तीय सहयोग से सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। बस अड्डे में 32 खोखा धारकों को पूर्व में पुनर्वास विभाग ने जगह उपलब्ध करवाई थी। अब सौंदर्यकरण कार्य के चलते गत 5 अगस्त को एडीबी और पर्यटन विभाग की टीम ने जेसीबी से 10 खोखो को तोड़ दिया था। खोखा धारकों और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद शेष खोखे नहीं तोड़ा जा सके। शुक्रवार को कांग्रेस के शहर अध्यक्ष कुलदीप पंवार के नेतृत्व में खोखा धारक डीएम से मिले।

कहा कि वह विगत 35 सालों से नई टिहरी शहर में कच्ची दुकानों के सहारे रोजगार कर अपने परिवार की आजीविका चला रहे हैं। बिना नोटिस के एडीबी, पर्यटन विभाग ने खोखे तोड़ दिए। जिससे रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पूर्व में एडीबी के अधिकारियों की ओर खोखा धारकों के साथ बैठक कर मौखिक रूप से उन्हें उसी स्थान पर पक्की दुकानें देने के साथ क्षतिपूर्ति का आश्वासन दिया था। लेकिन अब कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। उन्होंने डीएम से पुनर्वास विभाग की ओर से आवंटित जगहों पर ही सभी को पक्की दुकानें बनाकर जल्द देने की मांग की है। उन्होंने दुकानों के निर्माण के दौरान प्रभावित खोखा धारकों को कवर्ड मार्केट रिनोवेशन नीति के अनुसार मुआवजा देने की मांग की है। यदि उन्हें पक्की दुकानें देने का आश्वासन दिया गया तो वे स्वयं अपने खोखे हटा देंगे। डीएम ने सकारात्मक कार्यवाही का भरोसा दिया है। इस मौके पर बुद्धिपाल परमार, नित्यानंद बहुगुणा, राकेश नेगी, गीता सजवाण, सोमवारी लाल, प्रवीन भट्ट, राजेश मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Share this story