केदारनाथ टैंट मैं लगी आग
गुप्तकाशी, 30 जून (हि.स.)। केदारनाथ धाम में अस्पताल के निकट स्थित एक टेंट में आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। आग लगने से टेंट पूरा जल गया। गनीमत यह रही कि घटना के समय टेंट के भीतर कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था।
टेंट संचालक अनूप सिंह नेगी ने बताया कि अस्पताल के पास उनके चार टेंट संचालित हैं। सोमवार देर शाम दिल्ली से आए कुछ युवा श्रद्धालु उनके टेंट में ठहरे थे। उनके अनुसार, श्रद्धालुओं का उपयोग में लाया जा रहा पेट्रोमैक्स (लैंप) अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसमें आग लग गई और देखते ही देखते आग टेंट तक फैल गई। आग की चपेट में आने से टेंट पूरी तरह से जल गया।
नेगी ने बताया कि घटना के समय टेंट के अंदर कोई श्रद्धालु मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि संबंधित युवाओं से बातचीत के बाद उन्हें जाने दिया गया। वहीं, घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए केदारनाथ चौकी पुलिस इंचार्ज मुकेश डिमरी से कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन वे फोन रिसीव नहीं कर पाए।
हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन

