केदारनाथ पैदल मार्ग पर पत्थर गिरने से 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत, केदारनाथ पैदल मार्ग प्रभावित

WhatsApp Channel Join Now

रुद्रप्रयाग, 13 सितंबर (हि.स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार को केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हैलीपैड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और शव को गौरीकुंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के लिए शव जिला चिकित्सालय भेजा गया है।

जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, रविवार सुबह 10:53 बजे वाईएमएफ जवान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को चीरबासा हैलीपैड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड के निर्देश पर वाईएमएफ, डीडीआरएफ, आपदा मित्र और पुलिस की रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।

मृतक की पहचान मदन मोहन तिवारी (65), पुत्र जयनारायण तिवारी, निवासी ग्राम पठाली, थाना एवं तहसील ऊखीमठ के रूप में हुई है।

लगातार बारिश के कारण चीरबासा हैलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से केदारनाथ पैदल मार्ग प्रभावित हो रहा है। मार्ग को सुचारु करने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं। वर्तमान में 26 श्रमिक मलबा और पत्थर हटाने में जुटे हैं। डीडीएमए गुप्तकाशी की टीम भी मौके पर मार्ग साफ करने की कार्रवाई कर रही है।

यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सोनप्रयाग और गौरीकुंड में मौसम तथा पैदल मार्ग की स्थिति के अनुसार यात्रियों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोकी जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर लगातार अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को सतर्क किया जा रहा है और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा आपदा कंट्रोल रूम से केदारनाथ पैदल मार्ग समेत जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तत्परता बनाए रखने, मार्ग को सुरक्षित तरीके से सुचारु करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आमजन से प्रतिकूल मौसम तथा संवेदनशील स्थानों पर अनावश्यक जोखिम नहीं लेने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Share this story