केदारनाथ पुनर्निर्माण के कार्यों में तेजी लाने के लिए रात्रि शिफ्ट में भी कार्य किया जाए : मुख्य सचिव

WhatsApp Channel Join Now
केदारनाथ पुनर्निर्माण के कार्यों में तेजी लाने के लिए रात्रि शिफ्ट में भी कार्य किया जाए : मुख्य सचिव


देहरादून, 04 जुलाई (हि.स.)। मुख्य सचिव ने केदारनाथ पुनर्निर्माण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के साथ ही रात्रि शिफ्ट में भी कार्य किए जाएं।

मंगलवार को सचिवालय में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधू ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्य समय से पूरा करने के लिए अधिक से अधिक श्रमिकों की व्यवस्था और निर्माण सामग्री की उपलब्धता भी सुनिश्चित कि जाए। रात्रि शिफ्ट में भी कार्य किए जाएं।

मुख्य सचिव ने वैकल्पिक ट्रैक रूट के शीघ्र निर्माण के लिए वन विभाग और लोक निर्माण विभाग को मिलकर तेज़ी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने लिंचोली का भी मास्टर प्लान शीघ्र तैयार किए जाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी कार्य समय पर पूरा हो सकें, इसके लिए साप्ताहिक समय सीमा निर्धारित की जाए। उन्होंने केदारनाथ के साथ ही बद्रीनाथ में बन रहे अस्पतालों के उपकरण आदि ख़रीदने के लिये भी शीघ्र प्रक्रिया शुरू किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान बताया गया कि संगम घाट का कार्य 18 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही, एलिवेटेड ब्रिज का कार्य 31 दिसम्बर तक पूरा किया जाएगा। सिविक एमेनिटी बिल्डिंग 30 नवम्बर तक पूरी कर ली जाएगी।

इस मौके पर ओएसडी भास्कर खुल्बे, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ. पंकज कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765200 Articles

Share this story