केदारनाथ हाईवे दे रहा हादसों को न्यौता

WhatsApp Channel Join Now

गुप्तकाशी, 09 अगस्त (हि.स.)। केदारघाटी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मोटर मार्गों पर भूस्खलन और चट्टान खिसकने का सिलसिला जारी है। विद्या धाम के आगे लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा मार्ग आए दिन बाधित हो रहा है। ऐसे में तीर्थयात्री और श्रद्धालु गुप्तकाशी-विश्वनाथ मंदिर मोटर मार्ग से आवागमन कर रहे हैं, लेकिन अब यह वैकल्पिक मार्ग भी खतरे की जद में आ गया है।

गुप्तकाशी-विश्वनाथ संपर्क मार्ग पर पैरवानधार के समीप चट्टान खिसकने से मार्ग असुरक्षित हो गया है। वहीं राइंकॉ गुप्तकाशी के समीप सुरक्षा दीवार के नीचे लगातार हो रहे भू-धंसाव के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बताया गया कि इस स्थान पर लोनि वि की ओर से पूर्व में तीन बार सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जा चुका है, लेकिन नीचे से हो रहे तेज भू-धंसाव के चलते दीवार पर फिर खतरा मंडरा रहा है।

इसके आगे कणधार गांव के नीचे भी चट्टान खिसकने से संपर्क मार्ग आए दिन बाधित हो रहा है। ऐसे में यदि बरसात के दौरान दोनों मोटर मार्ग बाधित होते हैं तो केदारनाथ जाने वाले तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के आवागमन की समस्या और गंभीर हो सकती है।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप असवाल ने कहा कि गुप्तकाशी इंटर कॉलेज के समीप सुरक्षा दीवार पूर्व में भी कई बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि गुप्तकाशी -जाखधार मोटर मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाने की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग से सम्पर्क नहीं हो पाया।

हिन्दुस्थान समाचार / बिपिन

Share this story