कालूसिद्ध मंदिर के पास से शिफ्ट किए गए पेड़ की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा

WhatsApp Channel Join Now
कालूसिद्ध मंदिर के पास से शिफ्ट किए गए पेड़ की विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा


हल्द्वानी, 27 दिसंबर (हि.स.)। शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए अब तक 40 पेड़ों को सफलतापूर्वक शिफ्ट किया जा चुका है। नगर निगम द्वारा इन सभी पेड़ों को हल्दूचौड़ स्थित गंगापुर कबडवाल क्षेत्र में नगर निगम की 64 बीघा भूमि पर निर्मित गौशाला परिसर में स्थानांतरित किया गया है, जहां सभी पेड़ पूरी तरह सुरक्षित हैं और सामान्य रूप से अपनी ग्रोथ कर रहे हैं। इसी क्रम में कालाढूंगी चौराहे पर स्थित कालूसिद्ध मंदिर के समीप आज शिफ्ट किए गए पेड़ को पूरे सनातन विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई।

इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में कालूसिद्ध मंदिर के महंत श्री कालू गिरी महाराज, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, किच्छा शुगर मिल के महाप्रबंधक ए.पी. वाजपेई, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।श्री कालू गिरी महाराज ने कहा कि सनातन धर्म में गौशालाओं और वृक्षों का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य सभी के सहयोग से संपन्न हो रहा है और इसी भावना के तहत धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए पेड़ की प्राण प्रतिष्ठा की गई। नगर निगम प्रशासन ने बताया कि विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story