काजल और पवन बने राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ के चैंपियन
नैनीताल, 01 नवंबर (हि.स.)। नैनीताल जनपद के राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ सहित लंबी कूद, ऊंची कूद, चक्का फेंक और गोला फेंक स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
विभिन्न स्पर्धाओं में पवन कुमार, कमल नेगी, प्रकाश, पीयूष, काजल, शीतल, नित्या, गुंजन और ललिता बिष्ट सहित खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। समग्र प्रदर्शन के आधार पर पुरुष वर्ग में पवन कुमार और महिला वर्ग में काजल पांडे चैंपियन बने।
प्राचार्य प्रो. नगेंद्र द्विवेदी ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है, इसलिए विद्यार्थियों को हार-जीत से परे खेलों में प्रतिभाग करना चाहिए। विशिष्ट अतिथि उप शिक्षा अधिकारी प्रवीण अजरा ने शारीरिक शिक्षा को भी बौद्धिक शिक्षा जितना महत्वपूर्ण बताया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मार्च पास्ट से हुआ। पूर्व चैंपियन नित्या साह ने मशाल दौड़ लगाई, जबकि योग शिक्षिका तनुजा जोशी ने योग का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निर्मला रावत ने किया। क्रीड़ा प्रभारी डॉ. हरीश जोशी ने अतिथियों और खिलाड़ियों का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

