महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रियंका गांधी को दिया उत्तराखंड आने का न्योता
नई दिल्ली/देहरादून, 28 मई (हि.स.)। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी बीच उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने नई दिल्ली में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी से मुलाकात की है।
उत्तराखंड महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने नई दिल्ली में 10 जनपथ पर गुरुवार सुबह कांग्रेस नेता व सांसद प्रियंका
गांधी से मुलाकात की। इस दाैरान दाेनाें के बीच उत्तराखंड की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों, महिला कांग्रेस संगठन की मजबूती, महिला शक्ति की भूमिका तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
ज्योति रौतेला ने प्रियंका गांधी को देवभूमि आने का भी निमंत्रण दिया है, जिस पर प्रियंका गाँधी ने सहमति जताते हुए देवभूमि आने के निमंत्रण को स्वीकार की लिया। बैठक में प्रियंका गांधी ने चुनावी वर्ष को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
मुलाकात के बाद ज्योति रौतेला ने बताया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व लगातार उत्तराखंड में चुनावी तैयारी और संगठन विस्तार पर नजरें बनाये हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी पूरी तरह एकजुटता से तैयार है और भाजपा के कुशासन और कांग्रेस के विज़न को लेकर हम जनता के बीच जाएंगे। राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों तेज बीच इस मुलाकात के बाद ये माना जा रहा है कि उत्तराखंड कांग्रेस अब महिला नेतृत्व, युवा भागीदारी और जमीनी मुद्दों के माध्यम से चुनावी माहौल को धार देने की तैयारी में जुट चुकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

