न्यायमूर्ति रविन्द्र ने कुमाऊं विश्वविद्यालय में कौशल विकास प्रयोगशाला का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
न्यायमूर्ति रविन्द्र ने कुमाऊं विश्वविद्यालय में कौशल विकास प्रयोगशाला का उद्घाटन


नैनीताल, 28 नवंबर (हि.स.)। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर स्थित वाणिज्य विभाग में शनिवार को कौशल विकास प्रयोगशाला आयोजित हुई। प्रयोगशाला का उद्घाटन उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति रविन्द्र मैठाणी ने किया। कार्यक्रम में लंदन स्थित एलारा कैपिटल के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र राज भट्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने की।

इस अवसर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय एवं लीलाधर भट्ट मेमोरियल कल्याणी समिति के बीच समझौता ज्ञापन पर विद्यार्थियों के कौशल विकास और शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने तथा रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य की पूर्ति के लिये हस्ताक्षर किए गए।

न्यायमूर्ति मैठाणी ने विद्यार्थियों को सत्य, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। राज भट्ट ने युवाओं को बड़े सपने देखने और दृढ़ संकल्प के साथ उन्हें साकार करने का संदेश दिया। उन्होंने ज्ञान को समृद्ध बनाने, पूर्वाग्रहों से मुक्त दृष्टिकोण अपनाने तथा शिक्षा को सेवा से जोड़ने पर जोर दिया।

कुलपति प्रो. बिष्ट ने कहा कि कौशल विकास प्रयोगशाला विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और रोजगारपरक कौशल विकसित करने का अवसर प्रदान करेगी। इस दौरान अतिथियों ने ‘जीएसटी यूजिंग टैली’ पाठ्यक्रम का भी शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों रुचिका भट्ट एवं नवल गुरुरानी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत डीएसबी परिसर के निदेशक प्रो. संजय पंत ने तथा धन्यवाद ज्ञापन वाणिज्य विभागाध्यक्ष एवं संकायाध्यक्ष डॉ. विजय कुमार ने किया। इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. रीतेश साह, वित्त अधिकारी कमलेश भंडारी, कुलानुशासक प्रो. एचसीएस बिष्ट सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784674 Articles

Share this story