रोजगार मेले में चयनित पूर्व सैनिक आश्रितों को सैनिक  कल्याण मंत्री ने सौंपे नियुक्त पत्र

WhatsApp Channel Join Now
रोजगार मेले में चयनित पूर्व सैनिक आश्रितों को सैनिक  कल्याण मंत्री ने सौंपे नियुक्त पत्र


देहरादून, 14 मई (हि.स.)। राज्य के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, सर्वे चौक, देहरादून में सैनिक कल्याण विभाग व आईटीडीए के माध्यम से प्रायोजित पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए आयोजित रोजगार मेले में प्रतिभाग किया।

यह रोजगार मेला कम्प्यूटर व तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके पूर्व सैनिक आश्रितों के लिए आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने चयनित उम्मीदवारों को नियुक्त पत्र भी सौंपे और निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया। रोज़गार मेले में 21 निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सैनिक कल्याण विभाग व आईटीडीए विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रोजगार मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त पहल है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है, जहां प्रत्येक परिवार देशभक्ति, अनुशासन और त्याग की भावना से जुड़ा हुआ है। मंत्री जोशी ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों ने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना अमूल्य योगदान दिया है और अब सरकार की जिम्मेदारी है कि उनके परिवारों एवं आश्रितों को शिक्षा, कौशल और रोजगार के माध्यम से सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनके अंतर्गत शिक्षा अनुदान, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण एवं पुनर्वास योजनाओं के माध्यम से निरंतर सहयोग प्रदान किया जा रहा है।

मंत्री जोशी ने कहा कि पिछले दो वर्षों में सैनिक कल्याण विभाग एवं आईटीडीए विभाग के संयुक्त प्रयासों से 628 पूर्व सैनिक आश्रितों को कम्प्यूटर एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया है, जबकि वर्तमान में 227 प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जनवरी 2024 में आयोजित रोजगार मेले में 22 पूर्व सैनिक आश्रितों को रोजगार उपलब्ध कराया गया था।

सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में हमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने पश्चिम एशिया संकट और उससे उत्पन्न वैश्विक ऊर्जा संकट को देखते हुए ईंधन पेट्रोल-डीजल की बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील की।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण निदेशक श्याम सिंह, उप निदेशक कर्नल वीपी भट्ट, विंग कमांडर निधि बधानी, अपर निदेशक आईटीडीए तीरथ पाल आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story