खैरालिंग कौथिग में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,गूंजे भक्ति के स्वर
पौड़ी गढ़वाल, 07 जून (हि.स.)।
विकास खंड कल्जीखाल के मुंडेश्वर में ऐतिहासिक खैरालिंग कौथिग में रविवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। कौथिग में स्थानीय कलाकारों ने भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी।
कौथिग के दूसरे दिन बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही विगत वर्षों की भांति प्रवासी ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। मंदिर में मंदिर समिति की ओर से भजन सांध्य प्रस्तुति का आयोजन किया, जिसमें स्थानीय उभरते हुए युवा कलाकारों ने शानदार भजनों की प्रस्तुतियां दी।
कौथिग में न्यायरघाटी म्यूजिकल ग्रुप सांस्कृतिक टीम के मुख्य लोकगायक मनीष पंवार, दीपक चौहान, लोक गायिका प्रीति कोली, जगमोहन रावत, जितेंद्र जैरवाण ने भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दी। संगीत दीपक चौहान, विजेंद्र रावत, संतोष मंद्रवाल ने दिया। इससे पूर्व मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष आरती नेगी ने किया। उन्होंने मंदिर समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मंदिर सौंदर्यकरण के लिए हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।
इस मौके पर
जिला पंचायत सदस्य टसीला पूनम नेगी, पूर्व निदेशक डीसीबी कोटद्वार नरेंद्र सिंह नेगी, विनोद धनोसी, नीलम डबराल, मंदिर समिति के अध्यक्ष अनिल नेगी, सचिव विवेक नेगी, कोषाध्यक्ष नरेश उनियाल, उपाध्यक्ष जसपाल नेगी, दिनेश असवाल, दिनेश चंदोला, मुकेश भारद्वाज आदि मौजूद रहे। संचालन संजय डबराल ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

