आम आदमी पार्टी के पूर्व कुमाऊं प्रमुख जितेंद्र फुलारा ने दिया पार्टी से त्यागपत्र, जनसेवा जारी रखने की बात कही

WhatsApp Channel Join Now
आम आदमी पार्टी के पूर्व कुमाऊं प्रमुख जितेंद्र फुलारा ने दिया पार्टी से त्यागपत्र, जनसेवा जारी रखने की बात कही


नैनीताल, 20 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के पूर्व कुमाऊं प्रमुख जितेंद्र फुलारा ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्हाेंने

अपने त्यागपत्र के पीछे व्यक्तिगत कारण बताया और बिना किसी राजनीतिक दल से जुड़कर आगे भी समाज सेवा करने की बात कही है।

जितेंद्र फुलारा ने शुक्रवार को यहां बताया कि उन्होंने दिल्ली, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब और गुजरात सहित कई राज्यों में संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को उठाने में सक्रिय भूमिका निभाई। दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र में कार्य करते हुए चार चुनावों में विधायक संजीव झा की जीत में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा दिल्ली में उत्तराखंड प्रकोष्ठ की स्थापना कर प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व भी निभाया।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि अन्ना आंदोलन से प्रेरित होकर पार्टी से जुड़ने के बाद पारदर्शिता और जनसेवा के मूल्यों के लिए अपनी नौकरी तक छोड़ी थी। उन्हाेंने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि वे व्यक्तिगत कारणों से त्यागपत्र दे रहे हैं। अब वह बिना किसी राजनीतिक दल से जुड़े समाजसेवा, जनहित के मुद्दों को उठाने तथा उत्तराखंड की संस्कृति और मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य जारी रखेंगे। उन्होंने समर्थकों व सहयोगियों से इस निर्णय का सम्मान करने और समाजहित में सहयोग जारी रखने की अपील भी की है।

उल्लेखनीय है कि लगभग 15 वर्ष का कॉरपोरेट अनुभव रखने वाले मूल रूप से जनपद अल्मोड़ा के ग्राम थापला चौखुटिया निवासी जितेंद्र फुलारा अंतरराष्ट्रीय विमानन सेवा से भी जुड़े रहे हैं। फुलारा वर्ष 2017 में देहरादून में आंदोलन के दौरान जेल भी गए और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र के प्रभारी तथा वर्ष 2023 में छत्तीसगढ़ में जोन प्रभारी के रूप में भी कार्य किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story