नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन


हल्द्वानी , 12 सितंबर (हि.स.)। नैनीताल जिले के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन हो गया। बताया गया है कि हृदयाघात के चलते उनका निधन हुआ। उनके निधन की खबर से सूचना विभाग के साथ ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। गिरिजा शंकर जोशी नैनीताल जिले में जिला सूचना अधिकारी के पद पर सेवाएं दे रहे थे।

सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव के कारण वह विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ ही पत्रकारों के बीच भी लोकप्रिय थे। उनके अचानक निधन की खबर से सूचना विभाग और मीडिया जगत से जुड़े लोग स्तब्ध हैं।निधन की सूचना मिलते ही सांसद अजय भट्ट समेत अधिकारियों और पत्रकारों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

सूचना विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों और पत्रकारों ने भी शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति व शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने भी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story