जयपुरबीसा की जर्जर संपर्क सड़क से ग्रामीण परेशान , डीएम से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
जयपुरबीसा की जर्जर संपर्क सड़क से ग्रामीण परेशान , डीएम से लगाई गुहार


हल्द्वानी , 03 सितंबर (हि.स.)। ग्राम जयपुरबीसा के वार्ड संख्या-5 में मुख्य सड़क से जुड़ी करीब 150 मीटर लंबी संपर्क सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और बारिश के दौरान जलभराव व कीचड़ की समस्या के चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी नैनीताल को प्रार्थना-पत्र भेजकर जिला खनन न्यास निधि से सड़क का पक्का निर्माण कराने की मांग की है।ग्राम प्रधान दिनेश आर्या के नेतृत्व में ग्रामीणों की ओर से दिए गए प्रार्थना-पत्र में कहा गया है कि वार्ड संख्या-5 की यह संपर्क सड़क मुख्य मार्ग से श्री ईकबाल सिंह के आवास तक जाती है। करीब छह मीटर चौड़ी इस सड़क का इस्तेमाल प्रतिदिन बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों, किसानों और अन्य ग्रामीणों द्वारा किया जाता है।

सड़क की स्थिति खराब होने के कारण खासकर बरसात में आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के समय जलभराव और कीचड़ के कारण स्थिति और खराब हो जाती है। विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों के साथ ही बुजुर्गों और महिलाओं को भी परेशानी उठानी पड़ती है। वहीं किसी ग्रामीण के बीमार होने पर एंबुलेंस अथवा अन्य आपातकालीन वाहन को गांव तक पहुंचाने में भी दिक्कत होती है।अधिकारियों से कई बार लिखित एवं मौखिक अनुरोध किया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जनहित को देखते हुए जिला खनन न्यास निधि से करीब 150 मीटर लंबी और छह मीटर चौड़ी सड़क का सीसी रोड अथवा डामरीकरण के माध्यम से पक्का निर्माण कराने की मांग की है।सड़क का निर्माण होने से क्षेत्र के लोगों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले में शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story