अंतर महाविद्यालय बास्केटबाल टीम का परिसर पहुंचने पर किया स्वागत
नई टिहरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता में एसआरटी परिसर बादशाहीथौल टिहरी की टीम चैंपियन बनी है। टिहरी पहुंचने पर परिसर में विजेता खिलाड़ियों का स्वागत किया गया।
वीरवार को परिसर निदेशक प्रो. एए बौडाई, पूर्व निदेशक प्रो. डीएस कैंतुरा और उप अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. जीडीएस नेगी ने विजेता टीम के कप्तान सहित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए बुके देकर स्वागत किया। खिलाड़ियों का आह्वान किया कि जिस तहर अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बने, उसी तरह आगामी अंतर विश्वविद्यालय उत्तरी क्षेत्र प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन को दोहराकर प्रदेश का नाम रोशन करें।
क्रीड़ा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. केसी पेटवाल ने बताया है कि जल्द ही विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रैकसूट और ट्रॉफी देकर परिसर खेल विभाग की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. हंसराज बिष्ट, डॉ. दिलीप मीणा, डॉ. प्रेम बहादुर, खेल सहायक भगत सिंह चौहान, कोच अजय कठैत, बास्केटबॉल टीम के कप्तान अर्पित, यश मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

