28 शिकायतें सुनीं, अफसरों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
28 शिकायतें सुनीं, अफसरों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश


पौड़ी गढ़वाल, 14 सितंबर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 28 शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का सिर्फ कागजी निस्तारण न हो, बल्कि मौके पर जांच कर नियमानुसार समाधान किया जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए।

ग्राम कांडई के विनोद कुमार ने सहकारी समिति रैदुल से ऋण स्वीकृत नहीं होने की शिकायत की। डीएम ने बताया कि समिति की ऋण सीमा स्वीकृत हो चुकी है और दो दिन में ऋण स्वीकृत कर दिया जाएगा। अपर चोपड़ा के गिरीश चंद्र ने नगर पालिका की नाली से अनुचित जल निकासी के कारण मकान को हो रहे नुकसान का मामला उठाया। डीएम ने नगर पालिका ईओ को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए। आगणन के बावजूद कार्य लंबित मिलने पर संयुक्त मजिस्ट्रेट से निरीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

धौलीधार क्षेत्र में गुलदार और भालू के खतरे का मामला भी उठा। डीएम ने तीन सोलर लाइटें जल्द लगाने, वन विभाग को नियमित गश्त और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। पल्ली मल्ली में आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की शिकायत पर तत्काल मरम्मत कराने और जल संस्थान कंट्रोल रूम में दर्ज शिकायतों की निस्तारण रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बमणगांव-केवर्स मोटर मार्ग पर मकान के समीप मलबा आने के मामले में संयुक्त मजिस्ट्रेट को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

कोट ब्लॉक की ग्राम सभा घीड़ी में जिला पंचायत की लिंक रोड की खराब स्थिति पर अपर मुख्य अधिकारी को निरीक्षण कर जल्द मरम्मत कराने को कहा गया। इसके अलावा डुंगरी में सिंचाई पानी, परसुंडाखाल में विद्युत कार्य का भुगतान, पुण्डरासु में सड़क डामरीकरण व चौड़ीकरण तथा चैड़ तल्ला में सुरक्षा दीवार के लिए गूल निर्माण समेत अन्य शिकायतें भी सामने आईं। इस दौरान सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story