आंगन मिलन में पोषण का संदेश, कुपोषित बच्चों को बांटी पोषण किट

WhatsApp Channel Join Now
आंगन मिलन में पोषण का संदेश, कुपोषित बच्चों को बांटी पोषण किट


पौड़ी गढ़वाल, 02 अक्टूबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में गुरुवार को आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं के साथ लाभार्थियों और ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रमों में महिलाओं और बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

मिलन केंद्र अगरोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में दो महिलाओं की गोद भराई कराई गई, जबकि दो कुपोषित बच्चों को पोषण किट वितरित की गईं। पांच बालिकाओं को टी-शर्ट और पोषण माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली दो आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को प्रमाणपत्र दिए गए। महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित की गईं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने स्थानीय व्यंजन तैयार कर उनके पोषण संबंधी महत्व की जानकारी दी।

आंगनबाड़ी केंद्र आमकाटल में ग्राम प्रधान नीलम देवी, उपप्रधान कविता देवी, आशा कार्यकर्ता रजनी देवी सहित छह लाभार्थियों और आठ ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। बुकंडी प्रथम केंद्र में ग्राम प्रधान सीमा देवी, वार्ड सदस्य भारती व सोनम, पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह, किशोरियों, बच्चों के अभिभावकों तथा आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वहीं वीरकाटल केंद्र में वार्ड सदस्य आरती देवी, प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक और 10 अभिभावक उपस्थित रहे।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगन मिलन कार्यक्रमों के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, बच्चों और किशोरियों को संतुलित आहार, पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story