पौड़ी में वीबी राम जी योजना की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में वीबी राम जी योजना की जानकारी


पौड़ी गढ़वाल, 02 जुलाई (हि.स.)। विकास भवन सभागार में विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) विषय पर आज जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 125 दिन रोजगार गारंटी सहित नई व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने और गांवों में स्थायी विकास कार्यों को गति देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। कहा कि नई व्यवस्था से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ आधारभूत ढांचे के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि टिकाऊ सामुदायिक परिसंपत्तियों का निर्माण, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, आधुनिक तकनीक के माध्यम से पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा विकसित गांवों का निर्माण करना है।

सीडीओ अशोक जोशी ने बताया कि मिशन के तहत अब रोजगार के अवसरों का दायरा और अधिक व्यापक किया गया है। जल संरक्षण, जल संवर्धन, भूमि विकास, वृक्षारोपण, ग्रामीण संपर्क मार्ग, चारागाह विकास, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, आजीविका संवर्धन, सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण के साथ-साथ आपदा न्यूनीकरण, आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण, बाढ़ एवं भूस्खलन से सुरक्षा संबंधी कार्यों सहित अनेक नए कार्यों को भी शामिल किया गया है, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराया जा सके। बताया कि योजना में डिजिटल निगरानी प्रणाली, ई-केवाईसी आधारित सत्यापन, जियो-टैगिंग, ऑनलाइन मस्टर रोल, सामाजिक अंकेक्षण तथा प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से पारदर्शी भुगतान व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। इससे कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, पोखड़ा संजय गुसांई, जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार आदि शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story