असम बाढ़ पीड़ितों की मदद को पौड़ी रेडक्रॉस ने जुटाए 24,100 रुपये

WhatsApp Channel Join Now
असम बाढ़ पीड़ितों की मदद को पौड़ी रेडक्रॉस ने जुटाए 24,100 रुपये


पौड़ी गढ़वाल, 31 अगस्त (हि.स.)। असम में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा पौड़ी ने मानवीय पहल करते हुए 24,100 रुपये की आर्थिक सहायता जुटाकर असम राज्य शाखा को भेजी है।

भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी उत्तराखंड राज्य शाखा एवं राज्य मैनेजिंग कमेटी के आह्वान पर पौड़ी रेडक्रॉस ने बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए विशेष अभियान चलाया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के मार्गदर्शन में रेडक्रॉस के पदाधिकारियों, सदस्यों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए आर्थिक सहयोग एकत्र किया।

राज्य प्रतिनिधि प्रदीप रावत ने कहा कि आपदा किसी भी क्षेत्र में आए, रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य पीड़ित मानवता की सेवा करना है। देश के एक हिस्से में आई आपदा के समय दूसरे हिस्से से सहायता का हाथ बढ़ाना सामाजिक और मानवीय जिम्मेदारी है।

जिला रेडक्रॉस शाखा के सचिव केसर असवाल ने कहा कि रेडक्रॉस के मूल सिद्धांत मानवता, निष्पक्षता और सेवा की भावना के साथ संस्था भविष्य में भी आपदा और संकट की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहेगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल, कोषाध्यक्ष डॉ. अमित मेहरा, समीर बिष्ट, राजीव रावत, जसपाल रावत, दीपक खनसूली समेत रेडक्रॉस के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। जिला रेडक्रॉस ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, स्वयंसेवकों और जनसामान्य का आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story