पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में प्रांतीय शतरंज एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में प्रांतीय शतरंज एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ


नैनीताल, 27 मई (हि.स.)। नैनीताल के प्रतिष्ठित विद्यालय पार्वती प्रेमा जगाती सरस्वती विहार में तीन दिवसीय प्रांतीय शतरंज एवं बैडमिंटन प्रतियोगिता का बुधवार को शुभारंभ किया गया। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए खेल भावना एवं अनुशासन का परिचय दिया। विद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अतिथियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. सूर्य प्रकाश ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास एवं राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है।

प्रतियोगिता के प्रथम दिवस पर बैडमिंटन एवं शतरंज की विभिन्न आयु वर्ग की स्पर्धाएं प्रारम्भ हुईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना से प्रतियोगिता रोमांचक बनी रही। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य उमेश, चंदन, सुरेंद्र, नरेंद्र, विक्रांत, समीर, निपेन्द्र एवं जितेंद्र सहित अनेक शिक्षक, प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story