एमएसएमई को योजनाओं और आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
एमएसएमई को योजनाओं और आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर जोर


पौड़ी गढ़वाल, 19 सितंबर (हि.स.)। जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार में एमएसएमई योजनाओं को लेकर सेमिनार आयोजित किया गया। खरीद एवं विपणन सहायता योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से पहुंचे उद्यमियों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं, बाजार व्यवस्था और आधुनिक तकनीक की जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास कार्यालय हल्द्वानी एवं देहरादून के निदेशक डॉ. एसके नेवार ने उद्यमियों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने कारोबार को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तकनीक और नवाचार को अपनाना जरूरी है। एमएसएमई क्षेत्र स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सेमिनार में ओडीआर योजना, ऋण गारंटी सुविधा, टीआरईडीएस, एसआरआई फंड, पैकेजिंग एवं गुणवत्ता मानक तथा एमएसएमई में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग समेत विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। सहायक निदेशक अमित मोहन ने योजनाओं की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। विशेषज्ञों ने वित्तीय संसाधन, उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, बाजार तक पहुंच और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर उद्यमियों का मार्गदर्शन किया।

इस दौरान उद्यमियों ने योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। सेमिनार में औद्योगिक आस्थान सिताबपुर, सिग्गड़ी, जशोधरपुर और बलभद्रपुर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोम नाथ गर्ग, प्रबंधक आरपी आर्य, उपासना सिंह, ईशा अग्रवाल, एमओएमएसएमई की श्रुति शुक्ला, सीजीटीएमएसई मुंबई के प्रबंधक प्रो. संजीव कुमार, आईआईटी रुड़की के विवेक चौहान, सिडकुल निर्माता संघ कोटद्वार के सचिव विवेक चौहान, केनरा बैंक कोटद्वार के मुख्य प्रबंधक अनिमेष ध्यानी सहित विभागीय अधिकारी और जिला उद्योग केंद्र की टीम मौजूद रही।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story