बाल अधिकार और सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक हुए छात्र-छात्राएं

WhatsApp Channel Join Now

पौड़ी गढ़वाल, 01 सितंबर (हि.स.)। राजकीय इंटर कॉलेज निसनी में मंगलवार को महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू), जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण (एसएए) और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की ओर से जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, सुरक्षा कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

बाल कल्याण समिति के सदस्य कपिल रतूड़ी ने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा से जुड़े कानूनों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से सहायता ले सकते हैं। साथ ही शोषण या उत्पीड़न की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने पॉक्सो एक्ट, बाल सुरक्षा, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और दत्तक ग्रहण की वैधानिक प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। जिला समन्वयक अभिषेक नेगी, परामर्शदाता कविता और केसवर्कर शकुंतला नयाल ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार चंद्र ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण हैं। कार्यक्रम में शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story