जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में आम मनाया जाएगा इगास लोकपर्व

WhatsApp Channel Join Now
जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में आम मनाया जाएगा इगास लोकपर्व


नई टिहरी, 19 नवंबर (हि.स.)। नव युवक अभिनय श्री राम कृष्ण लीला समिति शुक्रवार (आज) को जिला मुख्यालय के बौराड़ी स्टेडियम में लोकपर्व इगास को धूमधाम से मनाएगी। जिसके लिए समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

वीरवार को यहां न्यू टिहरी प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में समिति के समिति के अध्यक्ष देवेंद्र नौडियाल ने बताया कि पहाड़ की दीवाली के रूप में इगास पर्व को मनाने पूरी तैयारी कर ली गई है।

शुक्रवार अपराह्न 2 बजे से ईगास पर समिति 21 भैलों और 51 दीपों के प्रज्वलन के साथ इगास पर्व का आयोजन करेगी। इस मौके पर स्थानीय व्यंजनों में स्वांले-पकोड़े भी बनाये जायेंगे। जिसे इगास प्रतिभागियों को वितरित किया जाएगा। वहीं ढोल-दमाऊ की थाप पर स्थानीय लोक नृत्य, झुमैलो की भी धूम रहेगी। नौडियाल ने बताया कि समिति लगातार जिला मुख्यालय की शून्यता को खत्म करने के लिए तमाम गतिविधियों को चलाने का काम कर रही है।

जिसके तहत आने वाले समय में दशहरे व दही-हांडी कार्यक्रम को मनाने की तैयारी की जा रही है। जिला मुख्यालय पर सांस्कृतिक गतिविधियां होती रहें और पुरानी टिहरी की तर्ज पर यहां कार्यक्रम हों, इसका भरसक प्रयास समिति कर रही है। इस मौके गंगा भगत सिंह नेगी, अमित पंत, मनीष पंत, अनुराग पंत, सुनील बधानी, हरीश घिल्डियाल, मनोज शाह आदि मौजूद रहे। इधर, नगर पालिका ने भी शुक्रवार को बौराड़ी स्टेडियम में इगास पर्व को धूमधाम से मनाने की तैयारी शुरू की है। पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि इस दौरान कई कार्यक्रम कराए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story