डंडों से पीटकर पत्नी की हत्याए चार बच्चों को छोड़ फरार हुआ पति

WhatsApp Channel Join Now
डंडों से पीटकर पत्नी की हत्याए चार बच्चों को छोड़ फरार हुआ पति


नैनीताल, 23 अगस्त (हि.स.)। नैनीताल जनपद के दूरस्थ ओखलकांडा क्षेत्र के खनस्यूं थाना क्षेत्र के तल्ली ओखलकांडा में एक व्यक्ति ने मामूली पारिवारिक विवाद में डंडों से पीट-पीटकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और घटना के बाद अपने 10 वर्षीय बेटे को धमकाकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का अभियोग दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं।

पुलिस के अनुसार घटना 21 अगस्त की रात की है। 37 वर्षीय आरोपित भीम सिंह बोहरा ने विवाद के बाद अपनी पत्नी 28 वर्षीय डिगरी देवी पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अगले दिन 22 अगस्त की तड़के आरोपित अपने बड़े बेटे को किसी से कुछ न कहने की धमकी देकर फरार हो गया।

मासूम बच्चा दिनभर मां को सोता हुआ समझता रहा। शाम तक कोई हरकत नहीं होने पर उसने पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पर ग्रामीणों ने खनस्यूं थाना पुलिस को बुलाया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के नेतृत्व में घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए डॉण् सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया। मृतका के पिता ग्राम अधौड़ा निवासी गुमान सिंह की तहरीर पर आरोपित के विरुद्ध हत्या का अभियोग दर्ज किया गया है।

बताया गया है कि मृतका अपने पीछे चार छोटे बच्चों को छोड़ गई हैए जिनमें सबसे बड़ा बेटा 10 वर्ष का है। मां की हत्या और पिता के फरार होने के बाद बच्चे गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने फरार आरोपित की तलाश के लिए तीन विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश शुरू कर दी है। साथ ही आरोपित का पोस्टर जारी कर आम जनता से भी सहयोग की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story