राष्ट्रीय गोल्फ प्रतियोगिता में हृतिका ने जीता कांस्य पदक
नैनीताल, 29 सितंबर (हि.स.)। ऑल सेंट्स कॉलेज नैनीताल की कक्षा चार की छात्रा एवं युवा गोल्फ खिलाड़ी हृतिका भट्ट ने नोएडा के जेपी ग्रीन्स विशटाउन में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के एनसीआर कप 26वीं एमेच्योर एवं जूनियर गोल्फ टूर्नामेंट में डी श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 से 25 सितंबर तक आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में डी श्रेणी के खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। 36 होल की प्रतियोगिता में प्रतिदिन 18 होल खेले गए। हृतिका ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच धैर्य और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विशेष बात यह है कि उन्होंने इसी वर्ष जून में डी श्रेणी में प्रवेश किया है और कुछ ही महीनों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में पदक प्राप्त किया। हृतिका की उपलब्धि पर ऑल सेंट्स कॉलेज की प्रधानाचार्या, शिक्षकों, सहपाठियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

