चारधाम यात्रा में उत्कृष्ट पुलिसिंग पर मिला सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
चारधाम यात्रा में उत्कृष्ट पुलिसिंग पर मिला सम्मान


उत्तरकाशी, 12 सितंबर (हि.स.)। चारधाम यात्रा-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर यमुना घाटी होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कोतवाली बड़कोट पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक सुभाषचंद्र समेत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। होटल व्यवसायियों ने यात्रा के दौरान पुलिस की मुस्तैदी, प्रभावी यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।

होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, खोया-पाया मामलों में सहायता तथा 24 घंटे पुलिस की मुस्तैदी से यात्रा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिली।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के कुशल नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट तथा समस्त पुलिस बल द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए बधाई दी।

इस मौके पर पुलिस की ओर से स्थानीय जनता, व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और यात्रा कारोबारियों के सहयोग के लिए आभार जताया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आपसी समन्वय से ही यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर यमुना घाटी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष सोबन सिंह राणा, संरक्षक बलदेव सिंह परमार, विजय सिंह पंवार, जिला पंचायत प्रतिनिधि सरत सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत सदस्य आनंद राणा, भगवान सिंह राणा, एलम पयाल, अभिषेक उनियाल, विपिन सिंह रावत, सूर्य प्रकाश नौटियाल, भास्कर नौटियाल, कुलदीप राणा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story