मेजबान ऑल सेंट्स कॉलेज ने जीती सीआईएससीई जोनल बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता

WhatsApp Channel Join Now
मेजबान ऑल सेंट्स कॉलेज ने जीती सीआईएससीई जोनल बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता


नैनीताल, 25 जुलाई (हि.स.)। नगर के ऑल सेंट्स कॉलेज ने अपने घर में आयोजित सीआईएससीई जोनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता जीत ली है। शनिवार को खेले गये बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में मेजबान ऑल सेंट्स कॉलेज ने सेंट मेरीज कॉन्वेंट कॉलेज नैनीताल को 55-9 के एकतरफा अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

विजेता टीम की ओर से जायना रहमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक 39 अंक अर्जित किए। जबकि अनन्या पिमोली ने आठ तथा जजम ने चार अंकों का योगदान दिया। सेंट मेरीज कॉन्वेंट कॉलेज की ओर से रिद्धिमा साह ने सात और तेनजिन रांगडोल ने दो अंक बनाए।

प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागी टीमों के उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन कर कुमाऊं टीम का गठन किया गया। चयनित खिलाड़ी एक एवं दो अगस्त को देहरादून स्थित सेंट जोसेफ्स अकादमी में आयोजित होने वाली सीआईएससीई प्रतियोगिता में कुमाऊँ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता में राजीव गुप्ता, हरीश चौधरी, फरीद अहमद, शेराब खम्पा तथा विनोद कनारी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। समापन समारोह में विद्यालय के खेल विभागाध्यक्ष गोपाल बिष्ट, प्रिया पुजारी, दीक्षित बिष्ट, मयंक रावत, कामाक्षी बिष्ट सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story