भवाली-नैनी बैंड बाईपास पर सड़क दुर्घटना, युवक गंभीर घायल
नैनीताल, 11 अप्रैल (हि.स.)। भवाली सेनेटोरियम नैनी-बैंड बाईपास पर शनिवार को तेज गति से भागती दो कारों की आमने-सामने टक्कर होने के बाद एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 25 मीटर गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक युवक गंभीर घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जा रही बलेनो कार और कैंची धाम की ओर जा रही स्विफ्ट कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तीव्र थी कि बलेनो कार सड़क किनारे सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए खाई में जा गिरी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची भवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और खाई में फंसे घायल 36 वर्षीय दीपक बिष्ट निवासी ग्राम खनिया रानीखेत को बाहर निकाला। घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर किया गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए खतरनाक मोड़ों पर क्रैश बैरियर एवं चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

