राजीव गांधी गौरव अवार्ड' से सम्मानित होंगे पौड़ी के समाजसेवी श्रीकांत

WhatsApp Channel Join Now
राजीव गांधी गौरव अवार्ड' से सम्मानित होंगे पौड़ी के समाजसेवी श्रीकांत


पौड़ी गढ़वाल, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के सामाजिक कार्यकर्ता श्रीकांत को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान और जनहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों लिए 'राजीव गांधी गौरव अवार्ड' से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें 23 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एक भव्य समारोह में प्रदान किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली लगभग 85 विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में 25 देशों के राष्ट्रीय ध्वजों की उपस्थिति रहेगी तथा वैश्विक समरसता, सांस्कृतिक सहयोग और मानवीय मूल्यों को समर्पित विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मंच के पदाधिकारियों के अनुसार, श्रीकांत का चयन उनके सामाजिक सरोकारों, सेवा कार्यों और जनहित में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों के आधार पर चयन समिति द्वारा किया गया है। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के कर-कमलों से उन्हें 'राजीव गांधी गौरव अवार्ड' प्रदान किया जाएगा।

मंच ने यह भी जानकारी दी कि श्रीकांत को आगामी दिसंबर माह में नेपाल की राजधानी काठमांडू में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय समारोह में भी आमंत्रित किया जाएगा। श्रीकांत के चयन पर उनके शुभचिंतकों, सहयोगियों और मित्रों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story