हिमाचली लोक गायक अजय चौहान और अज्जू ने थिरकाए दर्शक

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचली लोक गायक अजय चौहान और अज्जू ने थिरकाए दर्शक


हिमाचली लोक गायक अजय चौहान और अज्जू ने थिरकाए दर्शक


नई टिहरी, 15 अक्टूबर (हि.स.)। 50 वें श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की चौथी सांस्कृतिक संध्या में हास्य और लोकगीतों का बोलबाला रहा। देश के प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को गुदगुदाया तो जौनसार/हिमाचली लोक गायक अजय चौहान और अज्जू तोमर ने गीतों पर उन्हें थिरकने पर मजबूर किया।

बुधवार को मेले की चौथे सांस्कृतिक संध्या का कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, पालिकाध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने शुभारंभ किया। मंत्री उनियाल ने कहा कि मां कुंजापुरी मेला क्षेत्र की लोक संस्कृति, कला और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इस तरह के आयोजन स्थानीय संस्कृति को पहचान दिलाने के साथ ही कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं। सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत प्रसिद्ध हास्य कलाकार सुदेश लहरी और राजीव ठाकुर की प्रस्तुतियों से हुई।

कलाकारों ने अपने चुटीले अंदाज, हास्य संवादों और शानदार प्रस्तुति से दर्शकों को खूब हंसाया। उनकी प्रस्तुतियों पर मेला मैदान देर तक ठहाकों से गूंजता रहा। बाद में हिमाचल के लोक गायक अजय चौहान और अजू तोमर ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। उन्होंने ‘रोहड़ू जाणा मेरी आमिये’, ‘शिलॉन्ग लागा मेला’, ‘लड़की सुहाणी’, ‘झुमके झुमके’ गीतों की प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। कलाकारों ने दर्शकों के बीच पहुंचकर भी प्रस्तुतियां दीं, देर रात तक युवा और दर्शक पहाड़ी गीतों की धुनों पर थिरकते रहे। इस मौके पर एसडीएम आशीष घिल्डियाल, प्रकाश चंद्र रमोला, महेश गुसाईं, द्वारिका प्रसाद जोशी, सभासद साकेत बिजल्वाण, सचिन भंडारी, पुष्पा राणा, ममता देवी, विनीता देवी, पार्वती नौटियाल आदि मौजूद रहे।

राजस्थान पुलिस की टीम बनी महिला वॉलीबॉल चैंपियन

नरेंद्रनगरः कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की महिला ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की टीम चैंपियन बनी। फाइनल मुकाबले में राजस्थान पुलिस ने मनी क्लब को सीधे सेटों में 25-18 और 25-12 से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन पर स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने विजेता राजस्थान पुलिस की टीम को 1,01,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उपविजेता मनी क्लब की टीम को 51,000 रुपये का चेक और ट्रॉफी प्रदान की। दोनों टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761365 Articles

Share this story