न्यायालय की सुरक्षा पर हाईलेवल एक्शन, संयुक्त ऑडिट से व्यवस्थाओं की कड़ी समीक्षा
हल्द्वानी , 20 फ़रवरी (हि.स.)। वर्तमान सुरक्षा परिप्रेक्ष्य के दृष्टिगत आज हल्द्वानी न्यायालय परिसर में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रशांत जोशी, जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल, एसएसपी नैनीताल डॉ मंजुनाथ टीसी, अपर जिला जज हल्द्वानी सुजीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश, एडीएम विवेक राय, एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने न्यायालय परिसर की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन सुरक्षा ऑडिट कर समीक्षा की। बैठक के दौरान न्यायालय परिसर की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मैनपॉवर, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता व समन्वय व्यवस्था पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक विशेष सुरक्षा ऑडिट टीम गठित की जाए। एसपी सिटी हल्द्वानी की अध्यक्षता में गठित टीम में शामिल रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

