उच्च न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था का एसएसपी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
उच्च न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था का एसएसपी ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश


नैनीताल, 23 फ़रवरी (हि.स.)। गत दिनों आई धमकियों के बाद उत्तराखंड उच्च न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.मंजूनाथ टीसी ने सोमवार को सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए स्वयं न्यायालय पहुंचकर समग्र सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी प्रवेश द्वारों और बैरियरों पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्था का मूल्यांकन किया तथा अधिवक्ताओं, वादकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए श्रेणीवार प्रवेश व्यवस्था को और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सुरक्षा ऑडिट टीम को एक उन्नत सुरक्षा योजना तैयार कर उच्चाधिकारियों एवं शासन को प्रेषित करने को कहा, ताकि न्यायालय परिसर की सुरक्षा बहुस्तरीय और मजबूत हो सके।

डॉ.टीसी ने कहा कि हालिया सुरक्षा परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और न्यायालय परिसर में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बताया कि पुलिस अधीक्षक नैनीताल-डॉ. जगदीश चंद्र के पर्यवेक्षण में मुख्य सुरक्षा अधिकारी राकेश बिष्ट,प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल,बम निरोधक दस्ता,डॉग स्क्वॉड तथा अन्य पुलिस टीमों द्वारा न्यायालय परिसर में प्रभावी एंटी-सैबोटाज चेकिंग और फ्रिस्किंग की जा रही है। परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है और सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

इस दौरान उन्होंने प्रभावी सीसीटीवी ग्रिड तैयार कर कैमरों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने, क्यूआरटी, वायरलेस, चौकी, फायर और बम निरोधक टीमों की तैनाती का आकलन करने तथा एक सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि न्यायालय की गरिमा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं की जाएगी।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ.जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी राकेश बिष्ट, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक पुलिस दूर संचार राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक अभिसूचना निधि राणा, कंपनी कमांडर 46 पीएसी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story