नैनीताल में ईद के बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री के भ्रमण व लेकर उच्च सतर्कता

WhatsApp Channel Join Now
नैनीताल में ईद के बीच केंद्रीय रक्षा मंत्री के भ्रमण व लेकर उच्च सतर्कता


नैनीताल, 20 मार्च (हि.स.)। नैनीताल जनपद में शनिवार 21 मार्च को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के ईद के त्योहार के बीच आगमन के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था को उच्च स्तर पर सुदृढ़ किया गया है। कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने समस्त पुलिस बल को विस्तृत ब्रीफिंग देते हुए निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण अनुशासन, सतर्कता तथा पेशेवर व्यवहार के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें।

उच्चस्तरीय ब्रीफिंग में पुलिस महानिरीक्षक-एसटीएफ डॉ. नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक-अभिसूचना करण सिंह नगन्याल, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, एंटी-सबोटाज जांच, बम निरोधक दस्ता एवं श्वान दल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गयी है।

केवल अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा तथा छतों और ऊंची इमारतों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे भ्रमण क्षेत्र को नो-ड्रोन फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इस दौरान बिना अनुमति के ड्रोन के संचालन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एटीएस, त्वरित प्रतिक्रिया दल तथा आरक्षित बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है, जबकि अग्निशमन, एंबुलेंस एवं चिकित्सकीय दल को भी तैनात किया गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी भ्रमण एवं ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

दो दिन भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित

यातायात व्यवस्था के अंतर्गत 21 एवं 22 मार्च को संभावित भीड़ के दृष्टिगत जनपद में प्रातः 7 बजे से रात्रि 12 बजे तक भारी एवं मालवाहक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। केवल दूध, सब्जी, पेट्रोल, डीजल, एलपीजी तथा चिकित्सकीय आपूर्ति को छूट दी गयी है। आदेश का उल्लंघन करने पर वाहनों को सीज किया जाएगा। पुलिस महानिरीक्षक ने आमजन से यातायात डायवर्जन का पालन करने तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी

Share this story