रिले दौड़ में वरुण, प्रियांशी और आरुषि ने मारी बाजी
नई टिहरी, 29 अगस्त (हि.स.)। जौनपुर ब्लॉक की सकलाना पट्टी के हटवाल गांव में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गांव के बच्चों और महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, विशिष्ट अतिथि सरिता रावत, बिजेंद्र सिंह भगत, मंदिर समिति अध्यक्ष हुकम सिंह हटवाल और ग्राम प्रधान करिश्मा देवी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर रिले दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। अंडर-10 आयु वर्ग में वरुण ने प्रथम, अंकुश ने द्वितीय और ऋषभ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 वर्ग में प्रियांशी प्रथम, दिव्या द्वितीय और पावनी तृतीय रहीं। अंडर-17 वर्ग में आरूषी ने पहला, कोमल ने दूसरा और सपना ने तीसरा स्थान हासिल किया।
स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अंजली हटवाल और हाईस्कूल परीक्षा में ग्राम स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली आंचल को भी सम्मानित किया गया।
ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी ने कहा कि इस तरह के आयोजन गांव की संस्कृति और सभ्यता को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे नई पीढ़ी अपनी लोक परंपराओं और संस्कृति से जुड़ती है।
कार्यक्रम संयोजक अनिल हटवाल ने बताया कि गांव की संस्कृति के संरक्षण और छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महोत्सव आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में आयोजन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस मौके पर कमलेश सकलानी, दिनेश उनियाल, राजू नेगी, शूरवीर सिंह, सचिन हटवाल, बचन हटवाल, गुलाब सिंह, अनिता उनियाल, हेमा रावत, गुड्डी रौतेला, यशु उनियाल, मतेद्र सिंह, संगीता कठैत, कविता बहुगुणा, रोहित सिंह, अंशुल हटवाल, सतेंद्र, महेश, कमान सिंह और नवीन सिंह मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

