तीन युवकों पर उत्पीड़न का आरोप, महिला ने बच्चों संग इच्छा मृत्यु मांगी

WhatsApp Channel Join Now
तीन युवकों पर उत्पीड़न का आरोप, महिला ने बच्चों संग इच्छा मृत्यु मांगी


हरिद्वार, 10 सितंबर (हि.स.)। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने गांव के तीन युवकों पर उत्पीड़न,सोशल मीडिया के जरिए छवि खराब करने और धमकी देने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा है। महिला ने पुलिस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए अपने दो बच्चों के साथ इच्छा मृत्यु की अनुमति देने की गुहार लगाई है।

महिला शबनम ने गुरुवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि गांव के महबूब, अहसान और जावेद उसे लगातार परेशान कर रहे हैं। उसके अनुसार, सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया और विरोध करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज तथा धमकियां दी गईं। महिला ने कपड़े फाड़ने और सामूहिक दुष्कर्म की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया।

महिला ने बताया कि उसके पति काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं और वह दो बच्चों के साथ घर पर रहती है। उसका आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपी उसे भयभीत कर रहे हैं। उसने कहा कि कथित उत्पीड़न के कारण वह मानसिक रूप से परेशान है और अपने तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित है।

महिला के मुताबिक, उसने देहरादून स्थित जन कल्याण समिति के माध्यम से पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर अपनी शिकायत और स्थिति से अवगत कराया।

महिला ने बताया कि जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उसने कहा कि यदि इसके बाद भी उसे न्याय और सुरक्षा नहीं मिलती है तो उसे बच्चों सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए। पत्रकार वार्ता के दौरान जन कल्याण समिति के मीडिया प्रभारी कुलदीप शर्मा भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Share this story