रानीपुर मोड़ पर ओवरटेक को लेकर भिड़े दो गुट, जमकर चले ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे

WhatsApp Channel Join Now
रानीपुर मोड़ पर ओवरटेक को लेकर भिड़े दो गुट, जमकर चले ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे


हरिद्वार, 26 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के व्यस्त रानीपुर मोड़ पर बीती देर रात कार को ओवरटेक करने को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर ईंट-पत्थरों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रानीपुर मोड़ पर कार को आगे निकालने और ओवरटेक करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। पहले दोनों ओर से तीखी कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों गुट आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद ने उग्र रूप ले लिया और सड़क पर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडे चलने लगे। कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच टकराव जारी रहा। इसी बीच लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि रानीपुर मोड़ पर दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मारपीट करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766928 Articles

Share this story