सक्षम एक सेवाभावी संगठन : चंद्रशेखर

WhatsApp Channel Join Now


हरिद्वार, 24 मई (हि.स.)। समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) की एक बैठक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के आर्यनगर स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा की अध्यक्षता और प्रांत सचिव कपिल रतूड़ी के संचालन में हुई।

बैठक में राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर भी नागपुर से पहुंचे। जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने कार्यकर्ताओं के साथ उन्हें बुके देकर उनका स्वागत किया। इसमें सक्षम के राष्ट्रीय संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने जिले के कार्यकर्ताओं से संवाद किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि सक्षम एक सेवाभावी संगठन है, जो दिव्यांगजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि सक्षम में अपनी सभी जिला इकाइयों में आयामों और प्रकोष्ठों के गठन पर जोर देना होगा। उन्होंने सक्षम के राष्ट्रीय कार्यक्रम दिव्यांग मित्र योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक दिव्यांग मित्र बनाने को कहा। इससे पूर्व संगठन मंत्री ने जमालपुर स्थित सक्षम दिव्यांग सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया। केंद्र संचालक अनिता वर्मा को निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र में अधिक से अधिक दिव्यांगजनों का रजिस्ट्रेशन कर उनके कार्याें का समाधान को गति प्रदान करें।

सक्षम उत्तराखंड के प्रान्त सचिव कपिल रतूड़ी ने कहा कि केंद्र के अनुरूप प्रान्त की सभी जिला इकाइयां बेहतर कार्य कर रही है। राष्ट्रीय संगठन मंत्री एवं प्रान्त अध्यक्ष ललित पन्त की अनुमति के पश्चात प्रान्त सचिव ने हरिद्वार जिले के कार्यकर्ताओं की जिला इकाई में विभिन्न दायित्व सौंपे। जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी।

बैठक में जिला सचिव मानसी मिश्रा, संरक्षक विनोद कुमार शर्मा, उमंग डीयोंडी, देवभूमि बधिर एसोसिएशन की प्रदेश प्रवक्ता सोनिया अरोड़ा, कुलदीप सिंह राजयान, देवेंद्र कुमार, एडवोकेट आशीष पंडित, राधिका अग्रवाल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

Share this story