हर घर तिरंगा अभियान के तहत पिथौरागढ़ में साइकिल रैली का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
हर घर तिरंगा अभियान के तहत पिथौरागढ़ में साइकिल रैली का आयोजन


पिथौरागढ़, 12 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत 17 अगस्त तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला में बुधवार को जनपद मुख्यालय पिथौरागढ़ में जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में साइकिल रैली का आयोजन किया गया।

साइकिल रैली का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी दीपक सैनी और पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे ने किया। रैली जिलाधिकारी आवास भाटकोट से प्रारंभ होकर सिल्थाम, केएमओयू स्टेशन, विकास भवन होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

रैली में 17 साइकिल सवार एवं 05 बाइक सवार सहित कुल 22 युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने तिरंगे के साथ रैली के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

रैली में 22 युवाओं के अतिरिक्त एडवेंचर्स लवर एसोसिएशन के अशोक भंडारी, मोनाल संस्था के सुरेंद्र पवार एवं किशोर बोहरा तथा पर्यटन विभाग के राजेंद्र सिंह धामी, हर्ष चौहान एवं मोहन चंद सहित अन्य लोगों ने भी प्रतिभाग किया।

जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित करने की अपील की गई। इस दौरान उप जिलाधिकारी पिथौरागढ़ जितेंद्र वर्मा, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story