युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर
हल्द्वानी, 27 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय में कौशल विकास एवं जिला कौशल अप्रेंटिसशिप समिति की समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना समेत विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अप्रेंटिसशिप योजना के तहत अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों और उद्योगों को जोड़ने तथा प्रशिक्षित युवाओं का डेटाबेस तैयार कर रोजगार मेलों एवं प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए समय पर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जापानी और जर्मन भाषा के साथ व्यावसायिक कौशल का छह से आठ माह का प्रशिक्षण शुरू करने के निर्देश दिए गए। यह प्रशिक्षण जापान और जर्मनी में नर्सिंग असिस्टेंट तथा एल्डरली केयर गिवर के रोजगार अवसरों को ध्यान में रखकर दिया जाएगा। इसके लिए जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग तथा इंटरमीडिएट उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए आयु सीमा 21 से 35 वर्ष और महिला अभ्यर्थियों के लिए 18 से 27 वर्ष निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने नैनीताल जिले में बर्ड वॉचिंग की संभावनाओं को देखते हुए पंगोट, कोसी बैराज और नौकुचियाताल में आने वाले हिमालयी प्रवासी पक्षियों के संबंध में गाइडों को विशेष प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित गाइड पर्यटकों को पक्षियों और उनके आवास के बारे में वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध करा सकेंगे, जिससे पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। इसलिए स्थानीय उद्योगों की मांग और रोजगार की संभावनाओं के अनुरूप प्रशिक्षण ट्रेडों का चयन किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गढ़िया, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य, आईटीआई प्रधानाचार्य नितिन शर्मा, लीड बैंक अधिकारी अमित बाजपेई, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार, सचिव हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स मलय त्रिपाठी, एमबीपीजी कॉलेज के डॉ. संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

