हल्द्वानी में नाबालिग से दुराचार के आरोपों पर अभाविप ने जताई चिंता

WhatsApp Channel Join Now
हल्द्वानी में नाबालिग से दुराचार के आरोपों पर अभाविप ने जताई चिंता


देहरादून, 14 नवंबर (हि. स.)। हल्द्वानी में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुराचार की कथित घटना सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। संगठन ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

शनिवार को जारी प्रेस वक्तव्य में अभाविप ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से हल्द्वानी में नाबालिग छात्रा के साथ दुराचार की गंभीर घटना के आरोपों की जानकारी सामने आई है। संगठन इस प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से देख रहा है। ऐसे मामलों में पीड़िता को त्वरित न्याय मिलना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा मिले।

अभाविप उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री यशवंत पवार ने कहा कि संगठन पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि अभाविप इस गंभीर प्रकरण में पीड़िता के साथ खड़ी है और उसे न्याय दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

पवार ने प्रशासन से मांग की कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आरोपों की निष्पक्षता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई ऐसी होनी चाहिए, जिससे पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके।

अभाविप ने दोहराया कि छात्राओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा के प्रति संगठन प्रतिबद्ध है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संगठन हरसंभव स्तर पर सहयोग करेगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776829 Articles

Share this story