14 नवंबर को हल्द्वानी में पहली बार होगा युवा उत्सव भजन क्लबिंग आध्यात्मिक संगीत के जरिए युवाओं को जोड़ने की पहल

WhatsApp Channel Join Now
14 नवंबर को हल्द्वानी में पहली बार होगा युवा उत्सव भजन क्लबिंग आध्यात्मिक संगीत के जरिए युवाओं को जोड़ने की पहल


हल्द्वानी , 12 नवंबर (हि.स.)। युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ने के उद्देश्य से हल्द्वानी में पहली बार ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ का आयोजन किया जा रहा है।

14 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट और आयोजक संस्था दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आयोजन के उद्देश्य और इसकी रूपरेखा की जानकारी दी गई।

प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह आयोजन युवाओं में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है। भजन क्लबिंग के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिक संगीत से जोड़ते हुए भारतीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा शक्ति का सही मार्गदर्शन और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ाव एक सशक्त, संस्कारित एवं आत्मनिर्भर समाज की नींव है। स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और देश व समाज के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि चरित्र निर्माण, अनुशासन, सेवा भावना और दृढ़ संकल्प के माध्यम से ही बेहतर समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।

ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ उनके भीतर सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। महापौर ने युवाओं से विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाकर युवाओं को जागरूक, चरित्रवान और राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775826 Articles

Share this story