एमबीपीजी कॉलेज में घुसा तमंचेबाज, छात्रों ने दबोचा

WhatsApp Channel Join Now

हल्द्वानी , 09 सितंबर (हि.स.) बुधवार को उस समय कॉलेज में अफरातफरी मच गई, जब एक युवक कथित तौर पर तमंचा लेकर परिसर में घुस आया। संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर छात्रों ने युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से पिस्टलनुमा हथियार बरामद होने की बात सामने आई।

घटना के बाद कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए। युवक के हथियार लेकर कॉलेज परिसर में पहुंचने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में छात्र मौके पर जुट गए। छात्रों ने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में उसे प्राचार्य कक्ष में ले गए। कॉलेज प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। घटना के बाद कॉलेज परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। छात्र लगातार कॉलेज प्रशासन से सवाल करते नजर आए कि आखिर बाहरी व्यक्ति हथियार लेकर परिसर के भीतर तक कैसे पहुंच गया। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में लगातार बाहरी और असामाजिक तत्वों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन प्रवेश द्वारों पर प्रभावी जांच की व्यवस्था नहीं है।घटना से नाराज छात्रों ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी का घेराव कर कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।

छात्रों ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव के दौरान जब परिसर में तनाव और विवाद की आशंका बनी हुई है, तब सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए था। इसके बावजूद हथियार लेकर युवक का परिसर में प्रवेश कर जाना कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।छात्रों ने कॉलेज में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित करने, परिचय पत्र की जांच करने और संदिग्ध लोगों पर नजर रखने की मांग की।

छात्रों का कहना है कि यदि समय रहते युवक को नहीं पकड़ा जाता तो परिसर में कोई गंभीर घटना भी हो सकती थी।कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद विद्यार्थियों और बाहरी लोगों को बिना परिचय पत्र की जांच के परिसर में प्रवेश दिए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। छात्रों का कहना है कि चुनावी माहौल में यह लापरवाही कभी भी गंभीर रूप ले सकती है।

बुधवार की घटना ने इस व्यवस्था की पोल खोल दी है। प्रदेश के बड़े महाविद्यालयों में शुमार एमबीपीजी कॉलेज में हथियार लेकर युवक के पहुंचने की घटना ने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा तैयारियों पर सवालिया निशान लगा दिया है। छात्र अब केवल कार्रवाई नहीं, बल्कि परिसर में स्थायी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी ने बताया कि बरामद हथियार पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

Share this story