पौड़ी में चार साल बेमिसाल पर हुए कार्यक्रम

WhatsApp Channel Join Now
पौड़ी में चार साल बेमिसाल पर हुए कार्यक्रम


पौड़ी गढ़वाल, 23 मार्च (हि.स.)। प्रेक्षागृह में सोमवार को जन-जन की सरकार-चार साल बेमिसाल कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं ज्ञान की देवी मां शारदे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर बीआर मॉडर्न पब्लिक स्कूल और सरस्वती विद्या मंदिर तिमली की बालिकाओं ने अत्यंत मनमोहक सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासमय बना दिया। मुख्य कार्यक्रम से पूर्व विधायक राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी आदि ने विभिन्न विकासपरक स्टॉलों का गहन निरीक्षण किया। इस उत्सव के दौरान अतिथियों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र व्यक्तियों को भी लाभान्वित किया गया।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए दो लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई, साथ ही एक महिला की गोद भराई और एक शिशु का अन्नप्राशन संस्कार भी गरिमामय ढंग से संपन्न कराया गया। इसी क्रम में सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए 9 दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए, जिससे उनके जीवन में सुगमता आयी और चेहरों पर मुस्कान लौट आयी। इस अवसर पर अतिथियों ने सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।

विधायक राजकुमार पोरी ने उत्तराखंड सरकार के सफल 4 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों की गति में उल्लेखनीय तेजी आई है और इसका लाभ अब गांव-गांव तक स्पष्ट रूप से पहुंच रहा है। कहा कि उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है तथा वर्ष 2047 तक देश को अग्रणी बनाने का लक्ष्य तभी साकार होगा, जब गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया, जहां स्थानीय कलाकारों एवं स्कूली बच्चों ने अपनी रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। पारंपरिक लोकनृत्य एवं लोकगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। छोटे-छोटे बच्चों के उत्साह, आत्मविश्वास और ऊर्जा ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया, वहीं उपस्थित जनता की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया, जिससे यह कार्यक्रम सभी के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।

हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह

Share this story