शपथ के बाद पहली बार बदरी विशाल के दर्शन को पहुंचे राज्यपाल

WhatsApp Channel Join Now
शपथ के बाद पहली बार बदरी विशाल के दर्शन को पहुंचे राज्यपाल


गोपेश्वर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने शनिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। 19 अक्टूबर को प्रदेश के नौवें राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के बाद यह उनका पहला बदरीनाथ धाम दौरा है।

धाम पहुंचने पर हेलीपैड में जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्हें स्मृति चिह्न और हरित पौधा भेंट किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों ने सेरेमोनियल यूनिफॉर्म में राज्यपाल को सलामी दी। राज्यपाल ने जवानों के उत्कृष्ट टर्नआउट और सटीक शस्त्र कवायद की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

भगवान बदरी विशाल के दर्शन के बाद राज्यपाल ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान के तहत संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765912 Articles

Share this story