राज्यपाल ने रीठा साहिब में मत्था टेका, गुरु नानक देव जी के उपदेशों को बताया मानवता का मार्गदर्शक

WhatsApp Channel Join Now
राज्यपाल ने रीठा साहिब में मत्था टेका, गुरु नानक देव जी के उपदेशों को बताया मानवता का मार्गदर्शक


राज्यपाल ने रीठा साहिब में मत्था टेका, गुरु नानक देव जी के उपदेशों को बताया मानवता का मार्गदर्शक


चंपावत, 5 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) बुधवार को चंपावत के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। उन्होंने सिखों के प्रथम गुरु नानक देव जी की जयंती (प्रकाश पर्व) के अवसर पर प्रसिद्ध सिख तीर्थस्थल गुरुद्वारा श्री रीठा साहिब में मत्था टेका। राज्यपाल ने देश-प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रीठा साहिब पहुंचने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने राज्यपाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया।

गुरुद्वारा परिसर में दर्शन और अरदास के बाद राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी के चरणों की यह भूमि दिव्यता और आत्मिक शांति से परिपूर्ण है। उन्होंने इसे केवल सिख धर्मावलंबियों के लिए ही नहीं, बल्कि समूची मानवता के लिए एक आध्यात्मिक प्रेरणा केंद्र बताया।

राज्यपाल ने गुरु नानक देव जी के उपदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके मानवता, समानता और सेवा के संदेश आज भी समाज को प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने नाम जपो, कीरत करो और वंड छको के सिद्धांत को सत्य, ईमानदारी, परिश्रम और परस्पर सहयोग का प्रतीक बताया।

उन्होंने यह भी कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सिख धर्म के कई पवित्र तीर्थ स्थलों से सुसज्जित है, जिनमें रीठा साहिब का प्रमुख स्थान है। राज्यपाल ने बताया कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं प्रेम, सहिष्णुता, समरसता और भाईचारे की प्रेरणा देती हैं।

दर्शन और अरदास के बाद राज्यपाल ने लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने संगत से संवाद करते हुए प्रदेशवासियों से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने और समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर बाबा श्याम सिंह (प्रबंधक), जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अजीत पाल सिंह, हरबिन्दर सिंह, सरदार मलकीत सिंह, दिलबाग सिंह बग्गा, मन्दीप सिंह, रणजीत सिंह और जिला पंचायत सदस्य सोनू बोहरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संगत उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव मुरारी

Share this story