आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचे गोदियाल, मदद का दिया भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचे गोदियाल, मदद का दिया भरोसा


आपदा प्रभावितों के बीच पहुंचे गोदियाल, मदद का दिया भरोसा


देहरादून, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के आपदाग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। गोदियाल ने पाबौ एवं थलीसैण ब्लाक के डोबरा, डूंगरी, रिखोली आदि आपदा प्रभावित गांवों में पहुंचे। उन्होंने लोगों से बीत की और मदद का भरोसा दिया।

गोदियाल ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों का तत्काल पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ ही भविष्य में कोई जानमाल का नुकसान न हो इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से आपदाग्रस्त गांवों के प्रभावितों को तात्कालिक सहायता का अनुरोध किया।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आपदाग्रस्त क्षेत्र के लोगों की हर संभव सहायता करने को कहा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व में आई आपदाओं से कोई सबक नहीं लिया है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि संवेदनशील क्षेत्रों में प्रदेश सरकार की ओर से जो इंतजाम किये जाने चाहिए थे वे नहीं किये गये, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

गोदियाल ने कहा कि कई क्षेत्रों में दर्जनों आवासीय मकानों में दरारे आने के बाद स्थानीय जनता के सामने संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का अनुरोध किया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल

Share this story