गदरपुर में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
गदरपुर में मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना का शुभारंभ


उधमसिंहनगर, 07 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत विकासखंड गदरपुर में शुक्रवार को आयु वर्ग 14 से 23 वर्ष की बालिका वर्ग की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ सकैनिया स्टेडियम में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन गदरपुर विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय ने किया।

इस अवसर पर विधायक अरविंद पांडेय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ उठाकर युवा खिलाड़ी खेलों में अपना भविष्य संवार सकते हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं में कुल 53 बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक दक्षता का परीक्षण भी किया गया।

ब्लॉक खेल समन्वयक नूर आलम ने बताया कि आठ अगस्त को 14 से 23 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि सुबह आठ से दस बजे तक पंजीकरण किया जाएगा, जबकि सुबह दस बजे से खेल स्पर्धाओं का शुभारंभ होगा। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से आवेदन पत्र के साथ जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की प्रति एवं पासपोर्ट आकार का फोटो साथ लाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / डी तिवारी

Share this story