गुलदार के हमले से बच्ची घायल, दहशत में ग्रामीण

WhatsApp Channel Join Now

उत्तरकाशी, 26 अगस्त (हि.स.)। चिन्यालीसौड़ तहसील क्षेत्र के जेस्टवाड़ी गांव में बुधवार सुबह गुलदार ने एक 11 वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। मौके पर मौजूद परिजनों ने उसे चिन्यालीसौड़ अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के बाद उसे घर भेज दिया है। वहीं गुलदार के हमले के बाद ग्रामीण दहशत में हैं।

जानकारी के अनुसार घटना ज्येष्ठवाड़ी गांव के डाडारी तोक की है, जहां बुधवार सुबह 11 वर्षीय कशिश पुत्री अरविंद बिष्ट अपनी मां और दादी के साथ घास लेने गई थी।

इस दौरान घात लगाए गुलदार उस पर झपट गया। गुलदार ने बालिका की बाजू पर नाखून मारकर उसे घायल कर दिया। कशिश के चिल्लाने पर उसकी मां और दादी ने शोर मचाया, जिसके बाद गुलदार वहां से भाग गया। घटना की सूचना के बाद वन विभाग कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार के हमले के बाद जेस्टवाड़ी गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं दूसरी ओर जिला मुख्यालय वार्ड 10 पाडुली ज्ञानसू में गुलदार की चहलकदमी बनी है। बीती रात को गुलदार पाडुली में देवी मंदिर के पास घुमता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पूर्व भी यह बस्ती की ओर रूख कर चुका है और कई बार लोगों के आवासीय भवनों के आंगन में दिखाई दिया है। जिससे नगर क्षेत्र लोग दहशत में हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेन्द्र नौटियाल

Share this story