ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में जीआईसी चंबा की अर्षिता ने मारी बाजी
नई टिहरी, 12 सितंबर (हि.स.)। श्रीदेव सुमन राजकीय इंटर कॉलेज चंबा में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी आयोजित की गई। जिसमें श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज की छात्रा अर्षिता कोठारी प्रथम, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के छात्र ऋषभ बिजल्वाण द्वितीय रहे। विजेता और उपविजेता प्रतिभागी जनपदीय प्रतियोगिता में चंबा ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेगे।
शनिवार को संगोष्ठी का खंड शिक्षा अधिकारी तस्लीम कुरैशी ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा वैज्ञानिक सोच के लिए तथ्यों को परखते हुए नए और विश्लेषणात्मक तरीके से विचार करना जरूरी है। सवाल करने और नई सोच विकसित करने से ही विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधानाचार्य सोमवारी लाल सकलानी निशांत ने कहा कि विज्ञान संगोष्ठी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ प्रतिभाओं की पहचान करना है। सही मार्गदर्शन मिलने पर विद्यार्थी भविष्य में विज्ञान के क्षेत्र में बेहतर योगदान दे सकते हैं। ब्लॉक विज्ञान समन्वयक विरेंद्र सिंह पुंडीर ने छात्र-छात्राओं को प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी दी। इस मौके पर प्रधानाचार्य आरएस नेगी, गबर सिंह चौहान, सभासद महेश पैन्यूली, ब्लॉक सह-समन्वयक सुशील चौहान, विनोद चमोली, जेपी पांडेय, सुरेंद्र मोहन उनियाल, लक्ष्मी प्रसाद, राजेश रमोला, सुरेंद्र कुमार बिंद, रानी पायल आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश रतूड़ी

